तमकुहीराज। बकरियों से फसल चराने से मना करने के बाद हुए विवाद में नाराज दो लोगों ने घर में घुस कर मारपीट कर एक व्यक्ति को घायल कर दिया। पीड़ित ने तमकुहीराज पुलिस को तहरीर सौंप कार्रवाई की गुहार लगाई है।
तमकुहीराज थाना क्षेत्र के बसडीला गुनाकर निवासी अमरजीत यादव बुधवार शाम करीब पांच बजे गांव स्थित खेत की निगरानी करने गए थे। खेत में बोई उरद की फसल को कुछ बकरियां नुकसान पहुंचा रही थीं। बकरी चराने पहुंचे युवकों को उन्होंने मना किया। आरोप है कि इससे नाराज गांव के ही अशोक यादव और ध्रुव यादव गाली-गलौज करते हुए उससे मारपीट करने लगे। वह बचने के लिए अपने घर में घुसा तो आरोपी वहां भी पहुंच गए और घर में घुस कर मारपीट की। घर में रखे सामानों को भी नुकसान पहुंचाया। सूचना के बाद मौके पर डायल 112 की टीम भी पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया। उपचार के बाद बृहस्पतिवार देर शाम पीड़ित ने तमकुहीराज पुलिस को शिकायती पत्र सौंप कार्रवाई की गुहार लगाई। तहरीर के आधार पर पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुट गई है।
इंस्पेक्टर तमकुहीराज सुशील शुक्ला ने बताया मामले में केस दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।