पडरौना। मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। इसमें तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। दिन में हो रहे तेज धूप से गर्मी के मौसम का अहसास करा रहा है। इसके अलावा धीरे-धीरे चल रही हवा से फागुन की अनुभूति हो रही है। बुधवार की दोपहर का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बढ़ते तापमान से ठंड गायब होता नजर आ रहा है। मौसम का यह परिवर्तन माघ में फागुन माह का अहसास करा रहा है। बुधवार की सुबह 6:43 बजे सूर्योदय और 5:43 पर सूर्यास्त हुआ। सूर्योदय के बाद 11 बजे तक धूप में हवा से नमी बनी रही। लोगों को हल्की ठंड भी लगी। मगर, दिन चढ़ने के साथ ही तेज धूप से मौसम शुष्क होता प्रतीत हुआ। बाजार और पार्कों में चहल-पहल बढ़ गई है। शहर के धर्मशाला रोड, तिलक चौक, मेन बाजार, गुदरी बाजार समेत अन्य बाजार में दुकानों पर खरीदारों की चहल-पहल दिखी। पिछले दिनों ठंड के कारण बाजार मंदा था। ऐसे में सांस के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। चेस्ट रोग विशेषज्ञ डॉ. विकास गुप्ता ने कहा कि मौसम के बदलाव के समय सांस के रोगियों की संख्या बढ़ना स्वाभाविक है। ऐसे में घर से निकलते समय लोगों को मास्क जरूरत लगाना चाहिए।