मंसाछापर। विशुनपुरा ब्लॉक क्षेत्र की बबुइया हरपुर सहकारी सेवा समिति पर बृहस्पतिवार को खाद नहीं मिलने और समिति के समय से नहीं खुलने से नाराज किसानों ने प्रदर्शन किया। किसानों ने तत्काल खाद वितरण शुरू कराने और समिति को निर्धारित समय तक संचालित करने की मांग की। चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बड़ा किसान आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन कर रहे किसानों का आरोप था कि बबुईया हरपुर सहकारी सेवा समिति से जुड़े अरनहवा, चिरवहिया, माघी कोठीलवा सहित अन्य गांवों के किसानों को कई दिनों से पर्याप्त मात्रा में उर्वरक नहीं मिल पा रहा है। किसान जब खाद लेने समिति पर पहुंचते हैं तो संचालक मशीन खराब होने का हवाला देकर वापस कर देते हैं। आरोप है कि समिति दोपहर करीब एक बजे ही बंद कर दी जाती है, जिससे खाद उपलब्ध होने के बावजूद कई किसान खाली हाथ लौटने को मजबूर हो जाते हैं।
किसानों का कहना है कि इस समय धान, गन्ना तथा अन्य खरीफ फसलों में उर्वरक डालने का महत्वपूर्ण समय है। समिति से खाद नहीं मिलने के कारण किसानों को बाजार से 800 से 1,000 रुपये प्रति बोरी तक अधिक कीमत देकर यूरिया खरीदनी पड़ रही है। जिन किसानों के पास अतिरिक्त पैसा नहीं है, उनके खेतों में समय पर खाद नहीं पड़ पा रही है, जिससे उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है।
प्रदर्शन में अवधेश दास, राकेश गिरि, अदालत कुशवाहा, अरविंद चौहान, मिंटू गोंड, प्रभु प्रसाद, बैरिस्टर यादव, महेंद्र गुप्ता, अशोक चौहान, दीनानाथ यादव, व्यास कुशवाहा, बिहारी कुशवाहा, जीतन प्रसाद, बनहु, रामू, मुलायम सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि समिति की व्यवस्था में तत्काल सुधार नहीं किया गया और नियमित रूप से खाद का वितरण शुरू नहीं हुआ तो व्यापक किसान आंदोलन किया जाएगा।