हाटा। एथेनाॅल प्लांट लगाने के लिए प्रशासन की ओर से प्रस्तावित की गई जमीन पर किसानों ने बृहस्पतिवार को गेंहू की बुवाई कर दी। इसको लेकर चीनी मिल के गार्डों और किसानों के बहस भी हुई।
किसानों का तेवर देख गार्डों को पीछे हटना पड़ा। प्रशासन ने चीनी मिल प्रशासन को जमीन पर भारी विरोध के बीच कब्जा दिलाया था। किसानों का तर्क है कि उन्होंने जमीन का मुआवजा नहीं लिया है। इस लिए जमीन पर खेती हम लोग करेंगे।
हाटा तहसील के ढाढा के हरपुर टोला के किसानों की करीब 35 एकड़ जमीन अवध शुगर मिल एवं एनर्जी लिमिटेड को प्रशासन ने एथेनॉल प्लांट लगाने के लिए दिया था, लेकिन किसान जमीन देने के पक्ष में नहीं है। बृहस्पतिवार को किसानों का समूह खेत में पहुंचा और ट्रैक्टर से जुताई कर गेंहू की बुवाई कर दी।
इस दौरान चीनी मिल में तैनात गार्ड पहुंचे और विरोध करने लगे। इसको लेकर किसानों से और गार्डों से बहस हुई। किसानों ने गार्डों को दौड़ा लिया। शाम तक खेत में किसान बुवाई का कार्य पूरा किया। चीनी मिल प्रशासन की सूचना के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।