पटहेरवा (ब्यूरो)। सेवरही चीनी मिल के एक क्रय केंद्र का गन्ना ढाढ़ा चीनी मिल को दिए जाने की सूचना से किसान परेशान हैं। किसानाें का कहना है कि ढाढ़ा चीनी मिल दूर होने के साथ-साथ गन्ना मूल्य का भुगतान विलंब से करती है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनका गन्ना सेवरही चीनी मिल के लिए आवंटित नहीं किया जाता है तो वे प्रदर्शन करेंगे।
क्षेत्र के अहलादपुर, जोगिया, काजीपुर, बलुआ तकिया, नरायनपुर, गगलवा, पटहेरवा सहित कई गांवाें का गन्ना सेवरही चीनी मिल के महुअवा क्रय केंद्र पर दिया जाता रहा है। किसानों का कहना है कि वहां उनके गन्ना मूल्य का भुगतान समय से कर दिया जाता है।
लेकिन इस बार महुअवा क्रय केंद्र का गन्ना ढाढ़ा चीनी मिल को आवंटित करने का निर्णय लिया गया है। पप्पू राय, परशुराम राय, दयाशंकर तिवारी, योगेश तिवारी, सुनील सहित कई लोगों का कहना था कि ढाढ़ा चीनी मिल सेवरही की तुलना में दूर है। भुगतान में भी काफी देरी होती है।
किसानों ने कहा कि यदि महुअवा क्रय केंद्र का गन्ना सेवरही चीनी मिल को आवंटित नहीं किया जाता तो वे प्रदर्शन करेंगे। इस संबंध में सेवरही चीनी मिल के सचिव डॉ. प्रेमनाथ पांडेय ने बताया कि मिल के केवल महुअवा क्रय केंद्र का गन्ना ढाढ़ा चीनी मिल को दिया जाना है। इसकी सूचना केन कमिश्नर की ओर से दी गई है।