अहिरौली बाजार। क्षेत्र के भलुही के टोला सतपोखरियां निवासी नथुनी प्रसाद नेपाल के रसुआ जिले के त्रिशूली थाना क्षेत्र में एंड्रीज हाइड्रो प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में लोहे का काम करते हैं। नेपाल में तबाही के बाद से उनसे संपर्क नहीं हो पाने से परिवार के लोग चिंतित हैं और ईश्वर से सकुशल घर वापसी की दुआ कर रहे हैं। नथुनी के लापता होने से परिवार में रक्षाबंधन का त्योहार फीका रहा।
नथुनी प्रसाद की पत्नी गंगोत्री देवी ने बताया कि परिवार का जीविका चलाने के लिए पति नेपाल में काफी दिनों से लोहे का काम करते थे। फोन पर हमारी उनसे रोजाना बात होती थी। 26 अगस्त को सुबह करीब आठ बजे फोन आया तो उसने रक्षा बंधन के त्योहार पर आने के लिए कहा। उन्होंने छुट्टी नहीं मिलने की बात कही और दीपावली में घर आने का भरोसा दिया। उसके बाद दूसरे दिन फोन नहीं आया और नेपाल में तबाही की सूचना मिली तो अनहोनी की चिंता सताने लगी। मेरे दोनों लड़के सुग्रीव प्रसाद (34) और क्रांति प्रसाद (30) सभी संभावित स्थानों पर फोन कर पता लगने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन अब तक कोई पता नहीं चल सका है। उसी दिन से दरवाजे पर सगे-संबंधी और रिश्तेदार भी आकर पता लगा रहे हैं। परिवार के मुखिया के लापता होने से रक्षाबंधन का त्योहार भी फीका पड़ गया।