कुशीनगर। आरटीओ कार्यालय के पास जनसेवा केंद्र की आड़ में नकली ड्राइविंग लाइसेंस बनाने का धंधा चल रहा था। पुलिस ने छापा मारकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से लैपटॉप, प्रिंटर समेत कई उपकरण बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी दो से तीन दिन में फर्जी लाइसेंस तैयार कर ग्राहकों को दे देते थे।
रविंद्रनगर धूस थाने की पुलिस तीन नवंबर की रात जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर के बाहर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरटीओ कार्यालय के पास एक व्यक्ति अपने साथी के साथ मिलकर फर्जी ऑनलाइन स्मार्ट डीएल बना रहा है। दोनों कंप्यूटर सिस्टम से असली लाइसेंस की हूबहू नकल तैयार कर ग्राहकों से मनमानी रकम वसूलते हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरटीओ कार्यालय तिराहे के पास घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रविंद्रनगर धूस थाना क्षेत्र के लभसवां निवासी जमीर अहमद (19) और बसडीला निवासी श्यामजी (29) के रूप में हुई। तलाशी में जमीर के पास से एक आईफोन, 2830 रुपये, एक डीएल और चार चिपयुक्त पीवीसी कार्ड मिले। वहीं श्यामजी के पास से एक मोबाइल फोन, 2000 रुपये, एक डीएल और छह चिपयुक्त पीवीसी कार्ड बरामद हुए। मौके से दो लैपटॉप और कैनन कंपनी का प्रिंटर भी मिला।
एएसपी सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि पूछताछ में जमीर ने बताया कि उसकी कंप्यूटर की दुकान है। वह अपने साथी श्यामजी के साथ मिलकर ग्राहकों का डाटा जुटाता था। इसके बाद लैपटॉप, स्कैनर और प्रिंटर की मदद से फर्जी डीएल तैयार करते थे।
ग्राहकों से प्राप्त दस्तावेज और डाटा मोबाइल व व्हाट्सएप के जरिये एक-दूसरे को भेजा जाता था। पुलिस ने दोनों के मोबाइल और लैपटॉप में मौजूद डिजिटल साक्ष्य भी सुरक्षित किए हैं।
साइबर सेल की टीम ने भी पहुंचकर इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में मौजूद डाटा सुरक्षित किया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों ने अब तक कितने लोगों के फर्जी लाइसेंस बनाए और उनके जरिये कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया। एएसपी सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।