कसया। कानपुर में एक मई से आयोजित ताइक्वांडो स्टेट चैंपियनशिप में कुशीनगर के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। आर्या ताइक्वांडो एंड योगा फिटनेस क्लब के खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
सीनियर अंडर-62 किग्रा बालिका वर्ग में बिंदु गुप्ता ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं कैडेट अंडर-44 किग्रा बालिका वर्ग में आकांक्षा राव ने कांस्य पदक जीता। कैडेट अंडर-47 किग्रा बालिका वर्ग में मंजरी राजपूत ने भी कांस्य पदक हासिल कर जिले को गौरवान्वित किया। स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही बिंदु गुप्ता का चयन आगामी राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप के लिए हो गया है। यह प्रतियोगिता सिक्किम में आयोजित होगी, जहां वह उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। क्लब के कोच दीपक कुमार मद्धेशिया ने खिलाड़ियों की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि यह उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
बिंदु गुप्ता के राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन पर उनके परिजनों में खुशी का माहौल है। क्लब के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों और क्षेत्रीय लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए नेशनल चैंपियनशिप में पदक जीतने की कामना की है।व