पडरौना। भीषण गर्मी में मतदान कराने के बाद शनिवार शाम 6 बजे स्ट्रांग रूम में ईवीएम जमा करने पहुंचे मतदानकर्मियों को देर रात तक परेशान होना पड़ा। अव्यवस्थाओं के बीच देर रात तक ईवीएम जमा की गई। दुकानें बंद होने से भोजन के लिए मतदानकर्मी भटकते दिखे। रात करीब 10 बजे अचानक तेज हवा के साथ बूंदाबांदी शुरू होने पर ईवीएम लेकर मतदानकर्मियों को यूएनपीजी कॉलेज और इंटर कॉलेज के कमरों में छिपना पड़ा।
तल्ख मौसम और उत्साह के बीच मतदान कराने के बाद ईवीएम जमा करने के लिए मतदानकर्मियों को जूझना पड़ा। पीठासीन अधिकारी विधानसभावार ईवीएम जमा करने के लिए कतार में लगे थे, बाकी मतदानकर्मी और सुरक्षाकर्मी रात होने के कारण भोजन की तलाश में शहर के रामकोला, कोतवाली रोड के होटलों में भोजन की तलाश कर रहे थे। मतदान के चलते पूरे दिन दुकानें बंद होने के कारण अधिकांश भोजनालय और रेस्टोरेंट बंद थे। शाम को दुकानें खुली तो अचानक भीड़ बढ़ गई। दुकान पर मांग के अनुसार सुरक्षाकर्मियों को भोजन नहीं मिल सका।
रात करीब 10 बजे हवा के साथ बूंदाबांदी शुरू हुई तो स्ट्रांग रूम के बाहर मैदान में ईवीएम के साथ मौजूद पीठासीन अधिकारी इधर-उधर भागने लगे। कॉलेज के अन्य कमरों को खुलवाया गया। उसमें मतदानकर्मी छिपे। रात करीब एक बजे तक ईवीएम जमा हुई। इससे शहर की सड़कों पर जाम लगा रहा। हालांकि कठकुईया मोड़, बड़ी गंडक नहर, छावनी, तहसील गेट, सुभाष चौक, कोतवाली रोड पर यातायात और पुलिसकर्मी तैनात रहे। सीडीओ गुंजन द्विवेदी ने बताया कि एक साथ मतदानकर्मियों के पहुंंचने से थोड़ी दिक्कत हुई। बाद में माहौल सामान्य हो गया। सीसीटीवी कैमरे की नजर में सभी ईवीएम स्ट्रांग रूम में रखवाई गईं।