पडरौना। एक जून को हुए लोकसभा चुनाव में गईं अनुबंधित बसें अभी नहीं लौटी हैं। इसके चलते गोरखपुर जाने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। पडरौना डिपो की तरफ से निगम की 24 और अनुबंधित की 19 बसें संचालित होती है। निगम की एक बस खराब है, जबकि चुनाव के लिए गैर जनपद में गईं चार बसें अभी तक जिले में नहीं पहुंची हैं। जिले में एक जून को हुए लोक सभा चुनाव के लिए कई अनुबंधित बसें रविवार को नहीं पहुंचीं। इसके चलते गोरखपुर, कसया, कप्तानगंज, तमुहीराज, सेवरही आदि रूटों पर जाने वाले यात्रियों को बसों का इंतजार करना पड़ रहा है। शहर के बस अड्डे पर रविवार को बस के इंतजार में खड़े यात्री विपिन सिंह ने बताया कि उन्हें एक कार्य के लिए दोपहर दो बजे तक गोरखपुर पहुंचना है। इसके चलते वह दस बजे बस अड्डे पर आ गए थे। लेकिन गोरखपुर जाने वाली बस में देरी के चलते उन्हें वहां जाने में विलंब हो जाएगा। शहर निवासी सुरेश कुमार ने बताया कि उन्हें परिवार सहित देवरिया एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शाम तक पहुंचना है। लेकिन कई घंटे के इंतजार के बाद बस मिलने के कारण अब ऐसा लगता है कि कार्यक्रम में समय से नहीं पहुंच पाउंगा।
कोट : एक जून को हुए चुनाव में गईं अनुबंधित बसें अभी तक नहीं आई हैं। शाम तक आने उम्मीद हैं। सोमवार से यात्रियों की परेशानी कम हो जाएगी। -राकेश कुमार, एआरएम, पडरौना डिपो।