कप्तानगंज। गोरखपुर-नरकटियागंज और कप्तानगंज-थावे रूट पर चलने वाली लंबी दूरी की सभी ट्रेनों में होली और ईद पर्व बीतने के बाद भी यात्रियों की भीड़ कम नहीं हो रही है। परदेश जाने के लिए सुबह से लेकर शाम तक रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। लोग तत्काल टिकट के लिए काउंटर पर आधी रात से ही कतार में खड़े हो जा रहे हैं। काउंटर खुलने पर किसी तरह एक-दो लोगों को टिकट मिल पा रहा है। बाकी लोगों को निराश लौटना पड़ रहा है।
मंगलवार को तत्काल टिकट के लिए लाइन में खड़े महेंद्र यादव, विनोद राय, कन्हैया कुमार, राकेश सिंह, आनंद सिंह, सुरेंद्र प्रजापति आदि ने बताया कि एक दिन पहले तत्काल टिकट के लिए लाइन में खड़े होने के बाद भी कन्फर्म टिकट नहीं मिला। कप्तानगंज रेलवे जंक्शन से दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, कानपुर, लखनऊ, कोलकाता, जम्मू कश्मीर, अहमदाबाद, सूरत, मुजफ्फरपुर, कोटा सहित अन्य कई बड़े शहरों के लिए ट्रेनों का संचालन होता है। इधर होली और ईद का पर्व बीतने ही परदेश पहुंचने वालों की भीड़ बढ़ गई। हालत यह है कि आरक्षित ट्रेन की बोगी में भी जनरल बोगी की तरह यात्रियों की भीड़ लग रही है।
0
परिवार के अन्य सदस्य दिल्ली में रह कर निजी कम्पनी में काम करते हैं। होली की छुट्टी में घर आए थे। कन्फर्म टिकट नहीं मिलने से कई दिनों से उन्हें यात्रा निरस्त करना पड़ रहा है। -महेंद्र यादव, कप्तानगंज।
0
अवध एक्सप्रेस से बादशाहनगर जाने के लिए तत्काल टिकट चाहिए। सोमवार की शाम से ही काउंटर पर नंबर लगाया था। वह तीसरे नंबर पर था, लेकिन जब नंबर आया तो वेटिंग हो गई। टिकट नहीं मिलने के चलते यात्रा स्थगित करनी पड़ रही है। -विनोद राय, नरहर छपरा।