तमकुहीरोड। जवही दयाल में नारायणी (गंडक) नदी की बैकरोलिंग से एपी बांध पर तीन दिन से जारी कटान की रफ्तार अब कम हुई है। बाढ़ खंड के अभियंताओं ने बोल्डर और जियो बैग डालकर बचाव कार्य कराया है। हालांकि, नदी का रुख अब भी तटबंध की ओर होने से ग्रामीणों की चिंता बनी हुई है। नरवाजोत से अहिरौलीदान तक करीब 17.5 किलोमीटर के दायरे में बहने वाली गंडक नदी का डिस्चार्ज 20 हजार क्यूसेक से नीचे पहुंचने के बाद भी कटान का खतरा बना हुआ है। इस क्षेत्र में नदी पहले भी किमी 3.500 और किमी 4.000 पर बने ठोकरों को निशाना बना चुकी है। कटान से 50 एकड़ से अधिक कृषि भूमि और सैकड़ों पेड़ों को नुकसान पहुंच चुका है। इससे पहले अहिरौलीदान के नोनियापट्टी, खैरखुटा और मदरही में भी नदी तबाही मचा चुकी है।
पिछले तीन दिनों से नदी ने जवही दयाल में एपी बांध के किमी 4.000 से 4.500 के बीच बैकरोलिंग के चलते कटान तेज कर दिया था। खतरे की गंभीरता को देखते हुए बाढ़ खंड के अभियंता बोल्डर और जियो बैग डालकर कटान रोकने में जुटे रहे। ग्रामीण बृजकिशोर साहनी, प्रभु मांझी, छोटेलाल मांझी, हरख यादव, अर्जुन मंडल, रमेश यादव, शंकर पटेल और रंजन पटेल का कहना है कि नदी का रुख सीधे बांध की ओर होने से खतरा बरकरार है। केवल तात्कालिक बचाव कार्य से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा।
बाढ़ खंड के एसडीओ दीपरतन सिंह ने बताया कि संभावित कटान से निपटने के लिए बचाव सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। फिलहाल कटान पूरी तरह नियंत्रण में है।