पडरौना। ऊर्जा क्षेत्र के निजीकरण के विरोध में विद्युत कर्मचारी मोर्चा संगठन ने बृहस्पतिवार को एक्सईएन कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। इन विद्युत कर्मचारियों ने अधीक्षण अभियंता को संबोधित ज्ञापन एक्सईएन को सौंपते हुए अपनी मांगों से शासन को अवगत कराने का आग्रह किया।
विद्युत कर्मचारी मोर्चा संगठन के प्रांतीय महामंत्री पारस राय की अगुवाई में विद्युत कर्मी पडरौना हाइड्रिल में एकत्र हुए। वहां बैठक करने के बाद एक्सईएन कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। संगठन के प्रांतीय महामंत्री पारस राय ने कहा कि विद्युत कर्मचारी बिजली आपूर्ति से लगायत राजस्व वसूली सहित सभी विभागीय कार्य जिम्मेदारी पूर्वक करते हैं। इसके बावजूद भी सरकार बिजली विभाग को निजी हाथों में सौंपने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग का निजीकरण रोका नहीं जाता है तो कर्मचारी व्यापक आंदोलन करेंगे।
संगठन के वरिष्ठ सदस्य रामनगीना प्रसाद ने कहा कि वर्ष 2000 में उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत परिषद को घाटे से छुटकारा दिलाने के लिए निगम बनाया गया था, लेकिन इस विभाग का पूरी तरह से निजीकरण करने का प्रयास किया जा रहा है। यदि यह आदेश वापस नहीं लिया जाता है तो प्रदेश भर में आंदोलन छिड़ जाएगा।
इस प्रदर्शन को इंजीनियर आरके मौर्या, ओमप्रकाश पासवान, धर्मेंद्र पाल, दिलीप, अरुण कुमार, संदीप मिश्रा, अरविंद त्रिगुुणायत, कृष्ण कुमार मौर्य, रवींद्र पाल, सोहन, अभिषेक सिंह, घनश्याम सिंह, इरफान अंसारी, चंद्रशेखर सिंह, अरविंद गुप्ता सहित कई लोगों ने संबोधित किया।
इस दौरान सुनील पांडेय, विजय सिंह, अवधेश कुमार, संजय प्रसाद, विंध्याचल यादव, राकेश यादव, धर्मेंद्र कुमार यादव, मोहम्मद यासीन, अरुण प्रकाश सिंह, रामलईच, राममनोज, राजकुमार कुशवाहा, त्रिभुवन कुमार सहित कई लोग मौजूद थे।