मथौली। हाईकोर्ट के आदेश पर क्षेत्र के बेदूपार गांव में प्रशासन ने सोमवार को तीन स्थानों पोखरी, सड़क और पंचायत भवन की भूमि पर हुए अवैध अतिक्रमण को हटवाकर खाली कराया।
तहसीलदार जया सिंह के नेतृत्व में राजस्व टीम पुलिस बल के साथ पहुंची। टीम के पहुंचने पर अवैध कब्जाधारियों के बीच हड़कंप मच गया। टीम ने जेसीबी मशीन से किशोर सिंह, अबरार, रफीक, सलीम, गुलाब, अनवर, हीयाती, जगत, राजू, दुर्विजय, आद्या की सहित लोगों की तरफ से सार्वजनिक भूमि पर शौचालय, पक्की दीवार और सीमेंट सीट डालकर किए गए अतिक्रमण को ध्वस्त कराते हुए हटवाकर खाली करा दिया गया। मदरसा अंजुमन इस्लामिया स्कूल के प्रबंधक मौलाना ताहिर की तरफ से सड़क पर किए गए निर्माण को भी ध्वस्त करा दिया गया। गौरतलब है कि बेदूपार निवासी विजय बहादुर सिंह ने 4 मार्च 2024 को हाईकोर्ट में अवैध अतिक्रमण को लेकर याचिका दाखिल की थी। टीम में नायब तहसीलदार सुनील कुमार सिंह, राजस्व निरीक्षक संजय गुप्ता, लेखपाल संजय सिंह, राकेश लाल श्रीवास्तव व राजीव भारती एसआई अमरनाथ सोनकर, विनय कुमार यादव, अभिषेक कुमार, रामकृपाल यादव आदि शामिल रहे।