कुशीनगर बुद्ध मंदिर मार्ग पर अतिक्रमण।संवाद
सपहा। अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद्र कुशीनगर के बुद्ध मार्ग का फुटपाथ अतिक्रमण की चपेट में है। इससे स्थानीय लोगों, राहगीरों के साथ-साथ पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि अतिक्रमण के चलते इस पर्यटन स्थली की छवि भी धूमिल हो रही है। आए दिन जाम और बौद्ध श्रद्धालुओं को परेशानियां हो रही हैं। यहां से पैदल गुजरना हो तो हर पल सजग रहना होगा क्योंकि पैदल चलने को फुटपाथ बचा ही नहीं है। पूरी सड़क पर दोनों ओर स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण का बोलबाला है। ऐसे में पैदल चलने वालों के लिए हर समय खतरा बना रहता है। संबंधित विभागों के अधिकारियों से लेकर जिले के आला अफसर तक इस रास्ते से गुजरते हैं, परंतु फुटपाथ को कब्जा मुक्त कराने की फिक्र किसी को नहीं।
बुद्ध द्वार से लेकर माथा कुंवर मंदिर तक और रामभार स्तूप के समीप प्राय: दिन भर फुटपाथ पर फास्ट फूड के ठेले, फलों, कपड़ों की अस्थायी दुकानों ठेलो और चार पहिया व दुपहिया वाहनों तथा ठेलों आदि का कब्जा रहता है। सर्वाधिक परेशानी बुद्ध द्वार पर होती है। प्रात: काल तो फुटपाथ खाली रहते हैं, किंतु दिन चढ़ने के साथ सड़क के दोनों तरफ पटरियों पर ठेलों और वाहनों का जमावड़ा बढ़ने लगता है। कुछ ही देर बाद फुटपाथ फास्ट फूड हब और वाहन स्टैंड में तब्दील हो जाते हैं। बुद्ध द्वार के दक्षिण मुख्य मंदिर से आगे माथा कुंवर मंदिर तक यही स्थिति बनी रहती है। जानकारों की माने तो मुख्य महापरिनिर्वाण मंदिर के समीप दुकानें सुरक्षा में बड़ी चूक मानी जाती है। स्थानीय लोगों ने फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है।