पडरौना। कलक्ट्रेट सभागार में शनिवार की रात सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इसमें ब्लैक स्पॉट प्वाइंटर पर दुर्घटना से बचाव के लिए हो रहे उपायों की चर्चा की गई। इस दौरान डीएम विशाल भारद्वाज ने निर्देश दिए कि बिना हेलमेट पहने बाइक से कार्यालय आने वाले कर्मचारियों के लिए कार्यालय में प्रवेश वर्जित करें। इसके लिए सभी कार्यालयों पर बोर्ड लगाएं।
पीडब्लूडी के अधिशासी अभियंता राजेश सिंह ने बताया कि उनके अधीन आने वाले ब्लैक स्पॉट्स प्वाइंट कोईंदी बुजुर्ग पर लघु सुधारात्मक कार्रवाई की जा चुकी है। नए ब्लैक स्पॉट्स पर सुधारात्मक कार्रवाई की जा रही है। एनएचएआई के अधिकारी ने बताया कि हाटा व फाजिलनगर में ब्लैक स्पॉट्स प्वाइंट हैं, वहां अंडरपास प्रस्तावित है। इस पर डीएम ने एक या एक से अधिक दुर्घटना वाले प्वाइंट को ब्लैक स्पॉट के रूप में चिह्नित कर वहां सुरक्षात्मक उपाय करने के लिए निर्देश दिए।
एआरटीओ ने बताया कि जिले में नो हेल्मेट नो फ्यूल अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए सभी पंपों को नोटिस दे दिया गया है। यदि कोई पंप बिना हेलमेट वाहन चालक को पेट्रोल देता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। डीएम विशाल भारद्वाज ने कहा कि सभी विभागाध्यक्ष अपने-अपने कार्यालयों के गेट पर नो हेलमेट नो एंट्री का पोस्टर लगाएं, ताकि कार्यालय के सभी अधिकारी व कर्मचारी जागरूक हों। मोबाइल से बात करते वाहन चलाने, बिना हेलमेट वाहन चलाना, ओवर लोडेड वाहन पर चलान बढ़ाएं। अनफिट वाहन को सीज करने की कार्रवाई करें।
इस दौरान एआरटीओ मोहम्मद अजीम, यातायात निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉ. आरडी कुशवाहा, प्रिंस कुमार तिवारी, एमडी राय आदि मौजूद रहे। संवाद