खड्डा। प्राथमिक विद्यालय बसडिला में मंगलवार को संकुल बैठक का आयोजन गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, सरस्वती वंदना और प्रेरक गीतों के साथ हुई। बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद अकादमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) संजीव कुमार श्रीवास्तव ने परिषदीय विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता और नए सत्र की तैयारियों को लेकर शिक्षकों को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
एआरपी संजीव कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि नए शैक्षिक सत्र में शत-प्रतिशत नामांकन और बच्चों का विद्यालयों में ठहराव सुनिश्चित करना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने शिक्षण को रुचिकर और आनंददायक बनाने के लिए शिक्षकों को विभिन्न गतिविधि आधारित तरीकों की जानकारी दी।
बैठक का विशेष आकर्षण टीम वर्क एक्टिविटी रही, जिसमें प्रधानाध्यापकों और सहायक अध्यापकों के बीच बेहतर समन्वय और सामूहिक कार्यशैली पर जोर दिया गया। एआरपी कहा कि विद्यालय की प्रगति तभी संभव है, जब पूरा स्टाफ एक टीम के रूप में कार्य करे। कार्यक्रम का संचालन पूर्व एआरपी कुंवर प्रताप गुप्त ने किया। शिक्षक संघ के वरिष्ठ नेता पारस नाथ साहनी ने बदलते समय में शिक्षकों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। वहीं शिक्षक रिजवानुल्लाह अंसारी ने विद्यालय में किए गए नवाचारों का प्रस्तुतीकरण कर शिक्षकों को प्रेरित किया।
बैठक में गौरी शंकर तिवारी, गोविंद प्रसाद, प्रियंकर त्रिपाठी, कल्याण दुबे, दिवाकर सिंह, सिद्धेश्वर तिवारी, राम सिंगार गुप्ता, जोगेंद्र यादव, वंदना सिंह, मीणा भारती और दीनानाथ राय सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षामित्र और अनुदेशक मौजूद रहे। अंत में शिक्षकों ने बैठक में बताए गए बिंदुओं को विद्यालय स्तर पर लागू करने का संकल्प लिया।