20 घंटे बाद उपभोक्ताओं को मिली बिजली
- सेवरही नगर पंचायत कार्यालय के बाहर लगा 250 केवीए का ट्रांसफार्मर जला था
संवाद न्यूज एजेंसी
तमकुहीरोड। सेवरही नगर पंचायत कार्यालय के बाहर लगा 250 केवीए का ट्रांसफार्मर रविवार देर शाम जल गया। इससे कस्बे के कई उपभोक्ताओं के घरों की बिजली गुल हो गई। करीब 20 घंटे के बाद सोमवार को ट्रांसफार्मर बदलकर बिजली आपूर्ति शुरू की गई। इस दरम्यान उपभोक्ता बिजली और पानी की समस्या से जूझते रहे।
सेवरही कस्बे में बिजली आपूर्ति सुचारु रूप से रखने के लिए विद्युत निगम की ओर से वैसे तो विभिन क्षमता के 15 ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। फिर भी आए दिन ट्रांसफार्मरों के जलने से उपभोक्ताओं को बिजली की समस्या झेलनी पड़ रही है। इसी क्रम में रविवार देर शाम नगर पंचायत कार्यालय के बाहर लगा 250 केवीए का ट्रांसफार्मर जल गया। इससे किदवई नगर, जवाहर नगर, तुलसी नगर, सब्जी मंडी के सौ से अधिक उपभोक्ताओं के घरों की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। उपभोक्ताओं को पूरी रात परेशान होना पड़ा। हालांकि, लोगों की परेशानी को देखते हुए दूसरे ट्रांसफार्मर की मांग रविवार को ही कर दी गई थी, लेकिन वह सोमवार को दोपहर में मिला। उसके बाद ट्रांसफार्मर लगाया गया। उपभोक्ता सुरेश मद्धेशिया, अनिल जायसवाल, बैजनाथ मद्धेशिया, मुन्ना जायसवाल, सुरेश रावत, सोनू पाठक, रविंद्र यादव, सुनील जायसवाल, अख्तर हुसैन, विपिन कसेरा, विनोद गुप्ता आदि का कहना था कि यह ट्रांसफार्मर ओवरलोड में है। जब तक इसकी क्षमता वृद्धि नहीं की जाएगी, तब तक इस समस्या से मुक्ति नहीं मिलेगी। इस संबंध में जेई विकास कुमार साहनी ने बताया कि जले ट्रांसफार्मर को बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है।