पडरौना उपकेंद्र में व्यवस्था ठीक करने में जुटे कर्मी। संवाद
पडरौना। बिजली उपभोक्ताओं को बार-बार फाल्ट और लो-वोल्टेज की समस्या से निजात मिलने वाली है। विद्युत निगम की तरफ से पडरौना और छितौनी विद्युत उपकेंद्र में पांच-पांच एमवीए का अतिरिक्त ट्रांसफाॅर्मर लगाया जा रहा है। इसके अलावा जर्जर हो चुके 16 किलोमीटर हाईटेंशन लाइन और 30 बिजली के पोल लगाए जाएंगे। बिजली के तार और पोल लगाने के लिए निगम की तरफ से टेंडर प्रक्रिया इस माह में पूरा करा लिया जाएगा। इसके बाद पोल और तार बदलने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। बिजली निगम की तरफ से इन कार्यों के पूरा होने के बाद लोगों को बिजली समस्या से निजात मिल जाएगी।
पडरौना विद्युत उपकेंद्र में 10-10 एमवीए के दो और छितौनी विद्युत उपकेंद्र में पांच एमवीए का एक ट्रांसफार्मर लगा है। बिजली घर की क्षमता उपभोक्ताओं के अनुसार कम होने के चलते पडरौना के करीब 60 और छितौनी के करीब 20 समेत 80 हजार बिजली उपभोक्ताओं को लो वोल्टेज की समस्या से परेशान होना पड़ रहा था। उपभोक्ताओं की इस समस्या को देखते हुए बिजली निगम ने पडरौना में पांच एमवीए का एक अतिरिक्त ट्रांसफार्मर और उसके अन्य उपकरण के साथ छितौनी बिजली उपकेंद्र में पांच एमवीए का अतिरिक्त ट्रांसफार्मर के साथ अन्य उपकरण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। इस अतिरिक्त ट्रांसफार्मर के लगने के बाद पडरौना बिजली की घर की क्षमता 25 एमवीए और छितौनी बिजली घर की क्षमता 10 एमवीए की हो जाएगी। पडरौना विद्युत उपकेंद्र के एक्सईएन संजय सागर ने बताया कि पडरौना बिजली घर में लगे पांच एमवीए के ट्रांसफार्मर से दुदही फीडर को जोड़ दिया जाएगा। इससे पडरौना टाउन एक, टाउन दो, परसौनी कला, जिला उद्योग, बलोचहां फीडर पर लोड कम हो जाएगा। इसी तरह छितौनी बिजली घर में लगे पांच एमवीए के अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगने से वहां के उपभोक्ताओं को बिजली के लो वोल्टेज और बार-बार फाल्ट की समस्या से काफी हद तक निजात मिल जाएगी। इन निर्माण कार्यों पर 217.20 लाख रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा बिजनेस प्लॉन के तहत पडरौना नगर पालिका के विस्तारित क्षेत्र में करीब सात लाख की लागत से 24 ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि की जाएगी। इसी तरह 108.46 लाख की लागत से शहर के 16 स्थानों पर अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। इसके अलावा शहर में जर्जर हो चुके 16 किलोमीटर बिजली के हाईटेंशन तार और निगम की तरफ से चिन्हित 30 हाईटेंशन बिजली के पोल लगाए जाएंगे। जर्जर हो चुके बिजली के पोल और तार बदलने के लिए निगम की तरफसे 68.5 लाख रुपये खर्च होंगे।