पडरौना। विद्युत उपकेंद्र पडरौना पर क्षमता वृद्धि कर आठ एमवीए से 10 एमवीए का ट्रांसफाॅर्मर लगाया गया। इस काम के चलते सोमवार को चार घंटे बिजली की सप्लाई ठप रही। जिस जगह पर पुराना आठ एमवीए वाला ट्रांसफार्मर था वहां पर नया ट्रांसफार्मर लगाया जाना है। इससे इस उपकेंद्र पर 10-10 एमवीए के दो और पांच एमवीए का एक ट्रांसफार्मर हो जाएंगे। इससे बिजली सप्लाई सिस्टम में सुधार होगा। हालांकि सुबह के समय बिजली गुल होने से लोगों को सबसे ज्यादा समस्या पानी को लेकर हुई। मोटर नहीं चलने के कारण लोगों को पानी के लिए तरसना पड़ा। सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों व कार्यालय जाने वाले लोगों को पानी नहीं होने के कारण तैयार होने में परेशानी हुई।
जानकारी के अनुसार 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र पडरौना पर 8 एमवीए से 10 एमवीए क्षमता वृद्धि हो चुके पावर परिवर्तक को मेसर्स ग्रिड पावर सिस्टम वाराणसी की ओर से विद्युत उपकेंद्र पडरौना से अवमुक्त कर 33/11 केवीए विद्युत उपकेंद्र खुटहन पर स्थापित करने के कारण सोमवार को सुबह 6 से 10 बजे तक उपकेंद्र पडरौना की विद्युत आपूर्ति ठप रही। इससे पडरौना शहर के सुभाष चौक, रामकोला रोड, आवास विकास काॅलोनी, बाउली चौक, तिलक चौक, धर्मशाला रोड, सेंट्रल बैंक रोड, ओंकार वाटिका काॅलोनी, जगदीशपुरम काॅलोनी, बेलवा चुंगी, रेलवे स्टेशन, कटरवार रोड, लेनिया पट्टी, जिले के औद्योगिक क्षेत्र, पांडेय देवरिया, रामकोला रोड समेत करीब 200 गांवों में चार घंटे बिजली नहीं आने से लोगों के काम प्रभावित हुए। इस संबंध में जेई शुभम् गौड़ ने बताया कि यहां पर क्षमता वृद्धि के बाद जो आठ एमवीए वाला पुराना ट्रांसफार्मर बचा था उसको हटाने का कार्य किया गया। इस कारण चार घंटे बिजली सप्लाई ठप रही। इस संबंध में पहले सूचना दे दी गई थी।