जोगनी गांव में प्रदर्शन करते ग्रामीण। संवाद
तमकुहीरोड। जोगनी गांव में पिछले एक सप्ताह से तार टूट जाने से बिजली गुल है। गांव वालों की शिकायत के बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। इसके चलते उमसभरी गर्मी में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली संकट के साथ पानी की समस्या भी लोगों को झेलनी पड़ रही है। इससे नाराज लोगों ने बिजली निगम के अधिकारियों के खिलाफ रविवार को गांव में प्रदर्शन किया। टूटे हुए तार को ठीक नहीं कर आपूर्ति बहाल नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी दिया।
सेवरही विकास खंड के पिपराघाट एहतमाली ग्राम सभा के जोगनी टोला के लोग एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति नहीं होने से परेशान है। लोगों का कहना है कि गांव में कई दिनों से तार टूट कर लटक रहा है और विद्युत आपूर्ति बाधित है। इसके चलते गांव के बिजली उपभोक्ता काफी परेशान हैं और भीषण गर्मी में लोगों को बिजली की आपूर्ति के साथ पानी की समस्या से भी जूझना पड़ रहा है।
इससे नाराज गांव के सरल शर्मा की अगुवाई लोगों ने प्रदर्शन कर चेतावनी दिया। प्रदर्शन करने वालों में चंद्रिका निषाद, चतुरी प्रसाद, धर्मेंद्र कुमार, सुरेन शर्मा,तूफानी यादव, सतीश शर्मा, अमलेश निषाद, गतिलाल, हीरा प्रसाद, लालबाबू निषाद आदि शामिल रहे।