पडरौना। पावर कारपोरेशन लखनऊ के चेयरमैन ने राजस्व वसूली में पिछड़े डिवीजनों की मंगलवार को समीक्षा की। अधिकारियों को फटकार लगाई और अभियान चलाकर बकाया बिजली बिल वसूलने के निर्देश दिए।
चेयरमैन डॉ. आशीष गोयल ने कम राजस्व प्राप्ति वाले डिवीजन के अधिकारियों को राजस्व वसूली में तेजी लाने की हिदायत दी। पडरौना डिवीजन भी राजस्व वसूली में पिछड़ा हुआ है। पडरौना डिवीजन में पिछले वर्ष 6.6 करोड़ रुपये की राजस्व वसूली हुई थी, जबकि इस वर्ष उतनी ही समयावधि में मात्र 4.52 करोड़ रुपये की राजस्व वसूली हो पाई है। इससे नाराज चेयरमैन ने डिवीजन के अधिकारियों को राजस्व वसूली में तेजी लाने की हिदायत दी। उन्होंने 23 अक्तूबर को होने वाली समीक्षा बैठक के पूर्व वसूली का लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया है। अधिशासी अभियंता संजय सागर ने बताया कि पडरौना डिवीजन पिछले साल की तुलना में इस साल राजस्व वसूली में पिछड़ा हुआ है। राजस्व वसूली के लिए पडरौना डिवीजन से जुड़े जिन उपभोक्ताओं के बिजली बिल बकाया है, उनकी वसूली के लिए निगम की तरफ से नौ अक्तूबर से अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बकाया बिल की वसूली करने के साथ ही जो उपभोक्ता बकाया बिल जमा नहीं करेंगे उनका कनेक्शन काट दिया जाएगा। जांच के दौरान अगर कोई बिजली चोरी करते पकड़ा गया तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।