तरयासुजान। बाढ़ के पानी के बीच बाघाचौर गांव के नोनिया पट्टी टोला के 65 वर्षीय टेगा की पानी में डूबने से मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, रात में खाना खाने के बाद वे बांध पर बनी झोपड़ी में सोने चले गए थे। आशंका है कि रात में शौच जाने के दौरान पैर फिसलने से वह बाढ़ के पानी में गिर गए और डूब गए। सुबह खोजबीन के दौरान उनका शव पानी में मिला तो परिवार में चीख-पुकार मच गई।
बाढ़ का पानी गांव में घुसने के बाद 65 वर्षीय टेगा बांध पर झोपड़ी बनाकर रह रहे थे। परिवार के अन्य सदस्य बांध किनारे बने मकान में रह रहे थे। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार सुबह जब वे झोपड़ी पर पहुंचे तो टेगा वहां नहीं मिले। पहले आसपास खोजबीन की गई। इसके बाद पानी में तलाश करने पर उनका शव मिला। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। गांव के लोगों ने बताया कि बाढ़ के कारण गांव और आसपास के इलाके में पानी भरा हुआ है।
ऐसे में लोगों को शौच समेत रोजमर्रा के काम के लिए भी पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। इसी दौरान यह हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद बाढ़ प्रभावित इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों ने चिंता जताई है। सूचना पर आई तरयासुजान पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक नितिन रघुनाथ श्रीवास्तव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।