सपहा। गुजरात पुलिस की क्राइम ब्रांच द्वारा 25 वर्ष पुराने हत्या मामले में गिरफ्तार किए गए बुजुर्ग की पुलिस हिरासत में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने थाने में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान नगरपालिका परिषद कुशीनगर के वार्ड संख्या तीन, संतगाडगेनगर (सपहा) निवासी भरथरी खरवार (65) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, गुजरात पुलिस की क्राइम ब्रांच ने सोमवार की शाम कसया पुलिस की सहायता से भरथरी खरवार को उसके आवास से गिरफ्तार किया था। वह गुजरात के बडोदरा जिले के भादरवा थाने में दर्ज हत्या के एक मामले में 25 वर्षों से फरार चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद उसे गुजरात ले जाया गया, जहां भादरवा थाने में पुलिस हिरासत में उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, भरथरी खरवार ने पजामे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी शर्मिला देवी ने कसया थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उनके पति को बिना किसी पूर्व सूचना या नोटिस के गिरफ्तार कर दूसरे प्रदेश ले जाया गया।
मृतक के पुत्र गौतम खरवार ने भी पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि गिरफ्तारी की प्रक्रिया पारदर्शी नहीं थी और परिवार को कोई जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने हिरासत में मौत की निष्पक्ष जांच की मांग की है। कसया थानाध्यक्ष अभिनव मिश्रा ने बताया कि गुजरात पुलिस से हिरासत में मौत की सूचना प्राप्त हुई है। परिजन गुजरात के लिए रवाना हो चुके हैं। मामले में आगे की कार्रवाई संबंधित राज्य की पुलिस द्वारा की जा रही है।