हाटा में हुए सड़क हादसे में दुर्घटनाग्रस्त कार।
- ट्रक की टक्कर के बाद करीब 20 मीटर तक घिसटती गई वैन, ट्रेलर के पेड़ से टकराने से टला बड़ा हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। हाटा-पिपराइच मार्ग पर थरुआडीह के पास रविवार देर रात हुए सड़क हादसे की सोमवार को जनपद दुर्घटना जांच समिति की तीन सदस्यीय टीम ने जांच की। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार, अंधा मोड़ और गलत दिशा में वाहन चलाना हादसे की वजह सामने आई है।
परिवहन विभाग के यात्रीकर अधिकारी बलवंत सिंह ने बताया कि घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया गया। इसके बाद आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वैन हाटा की तरफ से आ रही थी, जबकि ट्रेलर पिपराइच की ओर से आ रहा था।
गांव में सड़क सी आकार में बनी है। सड़क के दोनों तरफ मकान हैं। घटनास्थल पर अंधा मोड़ होने के कारण सामने से आने वाले वाहनों का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है। इसके बावजूद तेज रफ्तार और गलत दिशा में वाहन चलाने के कारण चालकों को संभलने का मौका नहीं मिला।
जांच में यह भी सामने आया कि वैन में क्षमता से अधिक लोग सवार थे। वैन सवार सड़क पर गलत दिशा में चल रहे थे। ट्रेलर की टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन करीब 20 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
गनीमत रही कि ट्रेलर आगे जाकर सड़क किनारे एक मोटे पेड़ से टकराकर रुक गया। यदि ट्रेलर पेड़ से नहीं टकराता तो सड़क किनारे बने मकान को भी अपनी चपेट में ले सकता था। इससे बड़ा हादसा हो सकता था और कई लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी।
यात्रीकर अधिकारी ने बताया कि घटना की विस्तृत जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।