पटहेरवा। थाना क्षेत्र के करजहां गांव में शनिवार की शाम करीब छह बजे जमीन विवाद को लेकर दो सगे भाइयों में कहासुनी होने लगी। इस दौरान छोटे भाई ने बड़े भाई पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। परिजन उन्हें फाजिलनगर सीएचसी ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रविंद्रनगर रेफर कर दिया।
पटहेरवा थाना क्षेत्र के करजहां गांव के रहने वाले रामप्रवेश गोंड (38 वर्ष) व रमेश गोंड (35 वर्ष) सगे भाई हैं। उनके पिता बंधु गोंड की करीब तीन माह पहले मौत हो गई थी। बताया जा रहा है कि शनिवार की शाम जमीन बंटवारे को लेकर दोनों में कहासुनी होने लगी। इसी दौरान छोटे भाई रमेश ने बड़े भाई रामप्रवेश के पेट में चाकू मार दिया। इससे वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गए। परिजन उन्हें फाजिलनगर सीएचसी ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां उनका इलाज चल रहा है। इस संबंध में थानाध्यक्ष विनय कुमार मिश्रा ने बताया छोटे भाई ने बड़े भाई को चाकू मारा है। दोनों शराब के नशे में थे। मामले की जांच की जा रही है।