पडरौना। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में विशेष जांच अभियान चलाया। दो दिवसीय मसाला आधारित प्रवर्तन एवं छापामार अभियान के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से धनिया पाउडर, हल्दी पाउडर, साबुत हल्दी और सब्जी मसाला समेत आठ नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय प्रदीप कुमार राय ने बताया कि मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेश कुमार राय की अगुवाई में अभियान के तहत पडरौना, रामकोला, हाटा, कसया, दुदही और विशुनपुरा क्षेत्र में सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान मसाला उत्पादों के कुल आठ नमूने एकत्र किए गए। सभी नमूनों को विशेष वाहक के माध्यम से खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है, जहां उनकी गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी नमूने में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के प्रावधानों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।