कसया। तहसील सभागार में शुक्रवार को एसडीएम कसया डॉ. संतराज सिंह बघेल की अध्यक्षता में हिरण्यवती नदी की सफाई व जीर्णोद्धार के लिए संबंधित विभागों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में नदी की सफाई कार्य को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
एसडीएम ने निर्देश दिया कि सफाई अभियान में लगने वाले संसाधनों और जनशक्ति की पूर्व तैयारी सुनिश्चित की जाए ताकि कार्य समय पर शुरू हो सके। डीएम के निर्देशानुसार आयोजित इस तैयारी बैठक में निर्णय लिया गया कि हिरण्यवती नदी की सफाई कुरमौटा से लेकर बेलवा पलकधारी तक लगभग 10 किलोमीटर के क्षेत्र में की जाएगी।
इस अभियान में नगरपालिका परिषद, ब्लॉक, तहसील प्रशासन, ग्राम पंचायतें, वन विभाग, सिंचाई एवं बाढ़ खंड तथा स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त भागीदारी रहेगी।