कसया। नगर के रामकोला मार्ग स्थित कार्यालय पर रविवार को हमसफर ई-रिक्शा समिति के तत्वावधान में साप्ताहिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती और प्रशासन द्वारा बनाए गए नए रूट निर्धारण नियम पर विस्तृत चर्चा की गई। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रशासन के इस निर्णय से आम नागरिकों को असुविधा होगी। रूट बदलने से यात्रियों को अधिक दूरी तय करनी पड़ेगी, जिससे खासकर महिलाओं और बच्चों को कठिनाई होगी।
बैठक को संबोधित करते हुए पदाधिकारियों ने कहा कि रूट निर्धारण से सवारियों की संख्या घटेगी, जिससे ई-रिक्शा चालकों की आय पर नकारात्मक असर पड़ेगा और अतिरिक्त किराए का बोझ यात्रियों पर बढ़ेगा। समिति ने निर्णय लिया कि पदाधिकारी जल्द ही प्रशासनिक अधिकारियों से मिलकर इस विषय पर वार्ता करेंगे। बैठक में संगठन को सशक्त बनाने और सदस्यों की संख्या बढ़ाने पर भी विचार किया गया। बैठक की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष अमन कुमार मिश्र ने की, जबकि संचालन नगर महामंत्री मैनेजर चौरसिया ने किया। इस दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष आबिद हुसैन, उपाध्यक्ष रविन्द्र वर्मा, कोषाध्यक्ष अरविंद जयसवाल, संरक्षक अवधेश सिंह, मीडिया प्रभारी शिवदत्त चौबे, सहित वीरेंद्र कुमार, अजय प्रसाद, हिमाचल निषाद आदि मौजूद रहे।