पिपरा बाजार। नेबुआ नौरंगिया थानाक्षेत्र के सरपतही खुर्द गांव में सोमवार की रात चुनाव प्रचार के दौरान दो गुटों में मारपीट हो गई। एक पक्ष पर दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति पर धारदार हथियार से हमला करने का आरोप है। हालांकि अभी इस मामले में किसी भी पक्ष की तरफ से तहरीर नहीं दी गई है लेकिन पुलिस ने शांतिभंग की आशंका में दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
सरपतही खुर्द के अखिल दुबे का आरोप है कि वह कुछ लोगों के साथ प्रधान पद के एक उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार करने के लिए सोमवार को रात में बहेरा टोले में गए हुए थे। वहां उसी टोले में रहने वाले एक दूसरे प्रत्याशी के समर्थक मिल गए और उन लोगों ने टिप्पणी करना शुरू कर दिया।
इस बात को लेकर विवाद हो गया। अखिल के परिवार के अजय धर दुबे का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में अखिल के सिर में गंभीर चोट लगी है। उन्होंने बताया कि मारपीट की घटना में कमलावती, ओमप्रकाश और काशी को चोट लगी है। अखिल ने बताया कि घायलों का इलाज चल रहा है। अभी पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।
इस संबंध में एसओ निर्भय नारायण सिंह ने कहा कि मारपीट की जानकारी नहीं है। विवाद की स्थिति पैदा होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। गांव में विवाद करने पर दो लोगों को पकड़कर थाने ले आई। दोनों को शांतिभंग की आशंका में मंगलवार को जेल भेज दिया गया।