पडरौना। भीषण गर्मी को देखते हुए परिषदीय स्कूलों में आयोजित होने वाले समर कैंप को स्थगित कर दिया गया है। समर कैंप को लेकर शिक्षक संघ भी विरोध कर रहे थे। अब शासन ने गर्मी को देखते हुए आदेश वापस ले लिया है। पांच जून से एक सप्ताह के लिए ग्रीष्मकालीन शिविर का आयोजन होना था।
परिषदीय स्कूलों से लेकर सभी स्कूलों में इन दिनों गर्मी की छुट्टियां चल रही हैं। बेसिक शिक्षा विभाग ने पर्यावरण दिवस के मौके पर पांच जून से सप्ताह भर का समर कैंप लगाने का फैसला किया था। इसके तहत प्रदेश के सभी परिषदीय स्कूलों में समर कैंप लगाए जाने थे। इस आदेश का शिक्षक संघों ने विरोध जताया था। संघों ने इस आदेश को व्यावहारिक नहीं बताया था। शिक्षक संघों का कहना था कि गर्मी की वजह से समर कैंप लगाने का औचित्य नहीं है। इससे बच्चों की सेहत पर भी बुरा असर पड़ सकता है। लगातार बढ़ती गर्मी और शिक्षक संघों के विरोध के चलते शनिवार को समर कैंप के आयोजन को स्थगित करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। इसको लेकर स्कूली शिक्षा के महानिदेशक की ओर से प्रदेश के सभी जिलों के बीएसए को नया आदेश जारी कर दिया गया है। आदेश में कहा गया है कि भीषण गर्मी के चलते अग्रिम आदेशों तक समर कैंप अब नहीं होंगे। जिला बेसिक शिक्षाधिकारी डॉ राम जियावन मौर्या ने बताया कि नए आदेश के अनुसार पांच जून से शुरू होने वाले समर कैंप को अब स्थगित कर दिया गया है।