राशन कार्ड बनाने में गड़बड़ी का आरोप लगाकर खड्डा तहसील परिसर में दूसरे दिन धरने पर बैठे कस्बे के लोगों ने जिला पूर्ति अधिकारी को बैठा लिया।
- फोटो : अमर उजाला
खड्डा। राशनकार्ड में अनियमितता की जांच कराने से सहित अन्य मांगों को लेकर सोमवार से खड्डा तहसील परिसर में धरने पर बैठे लोगों को समझाकर आंदोलन समाप्त करने पहुंचे डीएसओ को लोगों ने एक घंटे तक बंधक बनाए रखा।
जब डीएसओ ने सभी मांगें मांग लिए जाने का आश्वासन दिया। उसके बाद लोगों ने 24 घंटे बाद मंगलवार को दोपहर में धरना समाप्त किया। खड्डा नगर पंचायत के लोगों का राशनकार्ड बनाने में व्यापक स्तर पर अनियमितता किए जाने का आरोप लगाकर नगर पंचायत अध्यक्ष शारदा तुलस्यान, राजू तुलस्यान, सभासदों और कस्बे के लोगाें ने धरना शुरू किया था।
सोमवार को वहां समझाने पहुंचे पूर्ति निरीक्षक को लोगों ने बंधक बना लिया था। हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया था। मंगलवार को क्षेत्रीय विधायक विजय दुबे भी इनके समर्थन में धरने पर बैठ गए। दिन के लगभग 11 बजे डीएसओ नरेंद्र धरनास्थल पर पहुंचे तो वहां मौजूद लोगों ने उन्हें बंधक बनाने की घोषणा करते हुए अपनी मांगें रखीं। करीब एक घंटे तक डीएसओ समझाने की कोशिश करते रहे।
उसके बाद उन्हाेंने नगर पंचायत खड्डा की सरकारी सस्ते गल्ले की चार दुकानों का लाइसेंस निलंबित करने की घोषणा की। उन्हाेंने यह आश्वासन भी दिया कि खड्डा में ही पूर्ति निरीक्षक के सहयोग से कंप्यूटर लगाकर गलत नामों को दुरुस्त किया जाएगा। निलंबित की गई दुकानों को दूसरे दुकानदार से संबद्ध किया जाएगा। उसके बाद धरना समाप्त हुआ।