गुरवलिया बाजार। मंगलवार की शाम को तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के एक ईंट भट्ठे पर नशे में धुत युवक ने ईंट पथाई कर रहे अपने गांव के 20 वर्षीय मजदूर की हंसिया से मारकर बांह काट दी। नशे में धुत युवक मजदूर से गांजा का चिलम तैयार करने को कह रहा था जबकि मजदूर अपने कार्य में लगा हुआ था। मजदूर की हालत नाजुक बताई जा रही है। उसे मेडिकल कालेज में इलाज के लिए ले जाया गया है।
तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पगरा प्रसाद गिरी निवासी मजदूर विनोद प्रसाद (20) इसी थाना क्षेत्र के खुदरा अहिरौली गांव स्थित ईंट भट्ठे पर ईंट पथाई का कार्य करता है। मंगलवार की शाम करीब चार बजे विनोद ईंट पथाई में लगा था। इसी दौरान विनोद के गांव का ही रहने वाला 22 वर्षीय युवक वहां नशे की हालत में पहुंचा और विनोद से गांजा पिलाने के लिए कहने लगा। अपने कार्य में मशगूल विनोद ने नशे में धुत युवक की बात अनसुनी कर दी। इससे नाराज युवक ने हाथ में ले रखे हंसिया से विनोद की दाहिनी बांह पर जोरदार प्रहार कर दिया। तेज धार वाले हंसिया के एक ही वार से विनोद की बांह कंधे के पास से कटकर अलग हो गई। विनोद की चीख सुनकर आसपास के लोग उधर दौड़े तो नशे में धुत युवक वहां से भाग निकला। लोगों ने विनोद के घरवालों के साथ ही डॉयल 100 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को सीएचसी फाजिलनगर भेजा। वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल के डॉक्टर ने हालत नाजुक बताते हुए मेडिकल कालेज रेफर कर दिया।
नशे में धुत युवक द्वारा मजदूर की बांह काट लिए जाने की सूचना पर डॉयल 100 पुलिस मौके पर पहुंची। तुर्कपट्टी पुलिस को भी घटना की जानकारी मिली लेकिन अभी तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई है। एसओ तुर्कपट्टी दुर्गेश कुमार सिंह का कहना है कि घटना की जानकारी है, परंतु पीड़ित पक्ष की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलती है तो जांचकर कार्रवाई की जाएगी।