कुशीनगर। प्रदेश में नशे के धंधेबाजों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में कसया पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स (एएनटीएफ) बाराबंकी की संयुक्त टीम ने दो शातिर अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 2.505 किलोग्राम हेरोइन और नकदी बरामद हुई है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब पांच करोड़ रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, एएनटीएफ बाराबंकी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हेरोइन की बड़ी खेप कुशीनगर के रास्ते बिहार या नेपाल ले जाई जा रही है। इस इनपुट पर कसया पुलिस और एएनटीएफ टीम ने संयुक्त रूप से जाल बिछाया और संदिग्धों को कसया क्षेत्र से ही दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से टीम ने 2.505 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई। इसके अलावा उनके पास से 11,040 रुपये और चार मोबाइल फोन भी मिले हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तस्करों की पहचान विनोद साहनी निवासी पश्चिमी चंपारण (बिहार) और राहुल कुमार निवासी चतरा (झारखंड) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तस्कर हेरोइन की बिक्री के लिए यहां ग्राहकों की तलाश में पहुंचे थे। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि आपस में पैसा लगाकर अफीम खरीदते हैं और उससे हेरोइन तैयार कर ऊंचे दाम पर बेचते हैं। इस धंधे से मोटी रकम कमाते रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार दोनों तस्करों के नेटवर्क की जांच पड़ताल की जा रही है। इसमें कुछ अहम सुराग मिल रहे हैं। कुछ और लोगों के जुड़े होने की जानकारी मिली है। उन्हें पकड़ने के लिए उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
मामले में कसया थाने में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/21/29 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरोह के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं। इससे बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता हैै।