पडरौना। डीआरएम एसके झा ने बृहस्पतिवार को कप्तानगंज-थावे रेल मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशनों में साफ-सफाई की व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। झा ने स्टेशनों पर निर्माण कार्य, पेयजल की व्यवस्था और अन्य समस्याओं की जानकारी ली। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक के 27 फरवरी के दौरे के मद्देनजर डीआरएम के निरीक्षण को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
डीआरएम एसके झा बृहस्पतिवार की शाम पडरौना रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां की व्यवस्था का जायजा लेने के बाद उन्होंने स्टेशन अधीक्षक राकेश कुमार सिंह को आवश्यक निर्देश दिए। यहां भाजपा नेता चंद्रभान कुशवाहा की अगुवाई में स्थानीय लोगों ने डीआरएम को 12 सूत्री ज्ञापन सौंपा। इसमें कप्तानगंज-थावे रेलमार्ग पर लंबी दूरी की ट्रेन चलाने, पूर्वी रेलवे फाटक पर क्षतिग्रस्त सड़क को ठीक कराने, पडरौना रेलवे स्टेशन पर गौतमबुद्ध की प्रतिमा स्थापित कराने की मांग की गई है। इस मौके पर चांद आलम, अमित कुमार, सुरेंद्र कुमार गुप्ता, महेंद्र प्रताप सिंह, कृष्ण कुमार कुशवाहा, रमेंद्र श्रीवास्तव, व्यास शर्मा आदि मौजूद रहे। डीआरएम यहां से कप्तानगंज के लिए रवाना हो गए।
तमकुहीरोड प्रतिनिधि के अनुसार शाम चार बजे डीआरएम, अपर मंडल रेल प्रबंधक पीसी जायसवाल, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर अजय, मंडल वाणिज्य प्रबंधक आरसी श्रीवास्तव, दूरसंचार इंजीनियर आशुतोष पांडेय व अन्य अधिकारी तमकुहीरोड स्टेशन पहुंचे। अधिकारियों ने यहां सिग्नल, पेयजल, शौचालय, निर्माणाधीन कॉलोनी, सुंदरीकरण, पीआरएस न पैनल कक्ष का निरीक्षण किया और प्रस्तावित कार्यों को समय से पूरा कराने का निर्देश दिया।
यहां व्यापारी नेता धामबाबू वर्मा, गणेश सोनी, रामनरेश मिश्र, रामजी कसेरा ने डीआरएम से ट्रेनों की संख्या बढ़ाने और स्टेशन पर यात्री सुविधाएं बढ़ाने की मांग की। इस दौरान स्टेशन अधीक्षक अशोक तिवारी, केडी ताम्रकार, बाकेश कुमार राय, आफताव आलम, त्रिलोकी मद्घेशिया, राहुल सोनी, विनोद गुप्ता, शंभू राय आदि मौजूद रहे।