पडरौना। शहर में सोमवार सुबह हल्की बूंदाबांदी के बाद कुछ देर मौसम सुहाना रहा लेकिन दोपहर में खिली हल्की धूप ने लोगों को फिर उमस भरी गर्मी से परेशान किया।
हालांकि, बादलों की आवाजाही लगी रही। शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी कई जगहों पर बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी बादल छाए रहने और बूंदाबांदी के आसार जताए हैं।
विज्ञापन
जिले में एक सप्ताह से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। सोमवार की सुबह आठ बजे हल्की हवा के साथ बूंदाबांदी होने लगी। किसानों को लगा कि तेज बारिश होगी। हालांकि, कुछ ही देर बाद बूंदाबांदी थम गई और धूप-छांव का दौर दोपहर तक चला। दोपहर बाद धूप होने से उमस भरी गर्मी बढ़ गई।
कृषि विज्ञान केंद्र सरगटिया के मौसम वैज्ञानिक श्रुति वी. सिंह ने बताया कि सोमवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। 24 घंटे में जिले में हल्के बादल छाए रहने और कहीं-कहीं बूंदाबांदी होने की संभावना है।