मल्लूडीह। कसया थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-7 सिद्धार्थनगर (मल्लूडीह) में सोमवार हाईवे के किनारे खड़े एक ट्रक में चालक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। ट्रक मल्लूडीह के पास हाईवे किनारे काफी देर से खड़ा था।
दोपहर बाद करीब तीन बजे जब ट्रक मालिक ने चालक को फोन किया तो कोई जवाब नहीं मिला। जीपीएस ट्रैकिंग के जरिए लोकेशन एक ही जगह दिखने पर मालिक को अनहोनी की आशंका हुई और उसने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने ट्रक के केबिन को चेक किया तो चालक मृत पड़ा था। उसकी पहचान हाथरस निवासी 50 वर्षीय प्रमोद के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पता चला कि ट्रक राजस्थान से सामान लादकर गुवाहाटी जा रहा था। एसओ इत्यानंद पांडेय ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किया है। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद चल पाएगा। पुलिस जांच कर रही है। संवाद