कसया। थाना क्षेत्र के रामनगर गांव निवासी साइकिल सवार छात्र को मिट्टी लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने रविवार की शाम को कुचल दिया। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने शव रखकर सड़क जाम कर दिया। सोमवार को कसया पुलिस ने चालक पर केस दर्ज कार्रवाई में जुट गई। परिजन शव का पीएम होने के बाद अंतिम संस्कार कर दिए।
घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस पर अवैध तरीके से मिट्टी खनन करने वालों को शह देने का आरोप लगाते हुए शव सड़क पर रखकर कार्रवाई की मांग करने लगे। मौके पर देर शाम को एसडीएम, तहसीलदार पहुंचे और घर वालों कोसमझाने के बाद करीब साढ़े दस बजे पुलिस ने
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में ले लिया।
रामनगर गांव निवासी रिंकू यादव का बेटा आर्यन यादव (14) कक्षा सात का छात्र था। रविवार की शाम को साइकिल से देवरार पिपरा आटा पीसने के लिए चक्की पर गेहूं देने गया था। लौटते समय अभी वह गांव के पुल पर पहुंचा था कि तेज गति से मिट्टी लेकर जा रहे ट्राली-ट्रैक्टर ने कुचल दिया, इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद आस पास के लोगों ने मौके से ट्रैक्टर ट्रॉली पकड़ लिया, लेकिन चालक भाग गया। नाराज लोगों ने परिजनों के साथ शव रखकर रामनगर-देवरार पिपरा मार्ग को जाम कर दिया।
आक्रोशित लोगों का आरोप था कि क्षेत्र में मिट्टी खनन करने वालों को सह दे रखे हैं। इसके चलते शाम ढलते ही मिट्टी खनन का खेल जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्राली से शुरू हो जाता है। शिकायत के बाद भी पुलिसकर्मी खनन विभाग का मामला बताकर टाल देते हैं। हादसे के बाद मामला बढ़ता तो पुलिस ने आनन-फानन में मौके से तीन ट्रैक्टर-ट्राली और दो जेसीबी मशीन को कब्जे में ले लिया जो मिट्टी खनन में लगे थे, गुस्साए लोगों ने पुलिस, प्रशासन और राजस्वकर्मियों पर अवैध खनन को लेकर गंभीर आरोप लगा रहे है।