पडरौना। सर्दी के मौसम में प्यास नहीं लगने के कारण लोग कम पानी पी रहे हैं। इससे लोगों में यूरिन इंफेक्शन के मामले बढ़ रहे हैं। चिकित्सकों के अनुसार, पानी की कमी से यूरिन त्यागते समय जलन, हल्का दर्द, बार-बार बाथरूम जाने और रंग बदलने जैसी परेशानी लोगों में देखने को मिल रही हैं। इन समस्याओं को लेकर प्रतिदिन सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों की ओपीडी में आ रहे हैं।
पुरुष एवं नेत्र चिकित्सालय के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. संजीव सुमन ने बताया कि पानी कम पीने से यूरिन रुकने की स्थिति बनती है। इससे गुर्दे में स्टोन बनने की संभावना भी बढ़ती है। यही स्टोन आगे चलकर संक्रमण पैदा कर देते हैं। साथ ही यूरिन इंफेक्शन मूत्र प्रणाली को प्रभावित कर सकता है। इस बीमारी से बचने के लिए पानी पर्याप्त मात्रा में पीएं, जिससे शरीर में पानी की कमी न रहे। साथ ही मसालेदार व तैलीय भोजन सीमित मात्रा में ले। प्रतिदिन ओपीडी में 15-20 मरीज इस समस्या को लेकर पहुंच रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सर्दी में पानी कम पीने से पथरी और यूरिन में इंफेक्शन की समस्या हो जाती है। प्रतिदिन ओपीडी में इन समस्याओं को लेकर मरीज परामर्श व उपचार कराने के लिए आ रहे है।