सुकरौली में निरीक्षण करते एडीएम वैभव मिश्र।स्रोत-सोशल मीडिया
पडरौना। कसया क्षेत्र के परेवाटार और हाटा तहसील क्षेत्र के बढ़या बुजुर्ग व पिंडरा के साथ ही नगर पंचायत सुकरौली के आजाद नगर वार्ड चिरकुटहिया और पिड़रा गोविन्द टोला में लगे फार्मर रजिस्ट्री कैम्प का बुधवार को एडीएम ने निरीक्षण किया। उन्होंने मौजूद किसानों से बात कर उनकी शिकायतें सुनी और किसानों से शीघ्र पंजीकरण कराने की अपील की। कर्मचारियों को हिदायत दी कि वे किसानों को परेशान न करें।
एडीएम वैभव मिश्रा ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया सरल, पारदर्शी एवं त्वरित ढंग से सम्पन्न कराएं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिन किसानों का फार्मर रजिस्ट्री अभी तक नहीं हुआ है, वे शीघ्र अपना पंजीकरण अवश्य करा लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में विभिन्न कृषि योजनाओं, विशेषकर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ के लिए फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य कर दी गई है। उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री के लिए जिला प्रशासन की तरफ से जगह-जगह कैंप लगाए जा रहे हैं। अपने निकटतम कैम्प अथवा कॉमन सर्विस सेंटर पर जाकर फार्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूर्ण करा लें, ताकि किसी भी शासकीय योजना के लाभ से वंचित न रहना पड़े।