मथौली। सीएचसी मोतीचक स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शुक्रवार को क्षेत्र के प्राइवेट अस्पतालों और पैथोलॉजी केंद्रों की जांच की। जांच के दौरान कुछ अस्पताल बंद मिले तो कुछ के डॉक्टर गायब थे। जांच टीम ने मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों को अस्पताल से संबंधित कागजात सीएचसी भेजने के निर्देश दिए।
सीएचसी मोतीचक के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश कुमार मद्धेशिया व जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. मुकेश यादव ने शुक्रवार को कस्बा के सिटी हॉस्पिटल पहुंचे तो वह बंद मिला। इसके बाद वे शिवम हॉस्पिटल मथौली पहुंचे, जहां 32 वर्षीय दिवाकर निवासी ग्राम कुसमा भर्ती मिले। उन्होंने स्वास्थ्य टीम को बताया कि उनके फोड़े का ऑपरेशन हुआ है। वे वहां तीन दिनों से भर्ती हैं। जांच टीम को अस्पताल में दो महिला कर्मी मिलीं, जिनसे अस्पताल से संबंधित जानकारी ली, लेकिन वे जांच टीम को संतोषजनक जानकारी नहीं मिल सकीं। इसके अलावा जांच टीम आयुष हॉस्पिटल विजयपुर बाजार की जांच की।
जांच के दौरान अस्पताल का रजिस्ट्रेशन जिस डॉक्टर के नाम से दर्ज था, उनसे जांच अधिकारी ने फोन पर बात की, लेकिन वे संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके। इसको गंभीरता से लेते हुए जांच टीम ने अस्पताल संबंधित दस्तावेज तलब किया। उन्होंने चेताया कि यदि अस्पताल संबंधित कागजातों में किसी भी तरह की कमी मिलती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।