सभा में बोलते केंद्रीय राज्य मंत्री शिव प्रताप शुक्ल।
- फोटो : कुश्ाीनगर ब्यूरो
पडरौना (कुशीनगर)। निकाय चुनाव में भाजना प्रत्याशियों के लिए वोट मांगने पहुंचे केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री शिवप्रताप शुक्ल ने कहा कि इस चुनाव में विपक्षी पार्टी के उम्मीदवारों की शिकस्त निश्चित है। इसी डर से सपा मुखिया अखिलेश समेत विपक्षी पार्टियों के अन्य नेता जनता के बीच नहीं जा रहे। करीब साढ़े तीन वर्ष की केंद्र और सात माह की प्रदेश सरकार के कार्यकाल में अब तक एक भी घोटाला नहीं हुआ, क्योंकि जनता ने केंद्र और प्रदेश में सशक्त हाथों में सत्ता की बागडोर सौंपी है। जनता की सेवा करना ही इस सरकार का एकमात्र लक्ष्य है।
वह नगर के गोस्वामी तुलसीदास इंटरमीडिएट कॉलेज के परिसर में रविवार को आयोजित भाजपा के कार्यकर्ता सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने निकाय चुनाव में भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में जनसंपर्क करने की अपील करते हुए कहा कि अब देश और प्रदेश में लूट-खसोट करने वाली सरकार नहीं है। प्रधानमंत्री मोदी पर तंज कसने वाले नेताओं को जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि एक चाय बेचने वाला आम आदमी न केवल भारत जैसे विशाल देश का प्रधानमंत्री है, बल्कि विश्व के सबसे प्रभावशाली नेताओं में से एक है। करीब 45 मिनट के अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भाजपा जमीन की राजनीति करती है। इस पार्टी में कार्यकार्ता ही सबकुछ होते हैं। उनके मनोबल को ऊंचा करने के लिए सीएम क्या पार्टी के बड़े से बड़े नेता को आना पड़ेगा तो भी वे पीछे नही रहेेंगे।
सम्मेलन को पूर्व केंद्रीय मंत्री विनोद पांडेय, कुशीनगर प्रभारी संतराज यादव, फाजिलनगर के विधायक गंगा सिंह कुशवाहा, खड्डा के विधायक जटाशंकर त्रिपाठी, कुशीनगर के विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी, पूर्व जिलाध्यक्ष लल्लन मिश्र, विनय जायसवाल, जिलाध्यक्ष जयप्रकाश शाही आदि ने भी संबोधित किया। संचालन विजय शुक्ल ने किया। इस मौके पर राधेश्याम पांडेय, विजय दीक्षित, सुनील चौहान, प्रदीप पांडेय, गोल्डी जायसवाल, प्रमोद साहा, आरके मौर्या, राजन जायसवाल, राधेश्याम दीक्षित, राजू जायसवाल, पीएन पाठक समेत अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।