पडरौना। लोकसभा चुनाव के लिए विधानसभावार आवंटित ईवीएम और वीवीपीएटी के वर्गीकरण कार्यों का बुधवार को डीएम ने निरीक्षण किया। उन्होंने वेयरहाउस में रखे पडरौना, कुशीनगर, हाटा, खड्डा, फाजिलनगर, रामकोला, तमकुही राज विधान सभा क्षेत्र के लिए आवंटित ईवीएम व वीवीपैट के वर्गीकरण के बारे में जानकारी ली।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कहा कि चुनाव आयोग की तरफ से मिले निर्देश के तहत विधानसभावार स्कैन करके ईवीएम एवं वीवीपीएटी मशीनों को वर्गीकृत करें। सभी विधानसभावार मशीनों के बॉक्स पर विधानसभा का नाम का स्टीकर अवश्य लगाएं, ताकि उसकी पहचान की जा सके। किसी प्रकार की कमी न रहे। सारे कार्य निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के अनुरूप ही किए जाएं। उन्होंने कहा कि ईवीएम-वीवीपीएटी के रखरखाव निर्वाचन आयोग के मानक पर करें। एआरओ और तहसीलदार को अपनी निगरानी में निर्वाचन संबंधित सभी कार्य संपन्न कराने का निर्देश दिया।
इस दौरान एडीएम वैभव मिश्रा, एसडीएम मोहम्मद जफर, कसया तहसीलदार धर्मवीर सिंह, तहसीलदार नरेंद्र राम, जिला उद्यान अधिकारी कृष्ण कुमार, सैयद कमाल असगर रिजवी, भीम सिंह आदि मौजूद रहे।