पडरौना। डीएम ने कलेक्ट्रेट में स्थित कार्यालयों का निरीक्षण किया। कार्यालय परिसर में फै ली गंदगी व अन्य अव्यवस्था से नाराज डीएम ने दो अधिकारियों का वेतन रोक दिया।
डीएम आंद्रा वामसी ने जिले से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। उसके बाद कलेक्ट्रेट के दफ्तराें का निरीक्षण किया। उन्होंने सबसे पहले एडीएम कार्यालय का निरीक्षण किया। इसके बाद जिला सूचना अधिकारी कक्ष पहुंचे डीएम ने वहां फैली गंदगी व निष्प्रयोज्य हो चुके सामानों को तत्काल व्यवस्थित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान एनआईसी कार्यालय में फैली गंदगी को देख नाराज डीएम ने जिला सूचना विज्ञान अधिकारी चंद्रशेखर यादव व वहां मौजूद राजेंद्र राज का वेतन व्यवस्था पूर्ण होने तक रोकने का निर्देश दिया।
इस मौके पर डीएम ने कर्मचारियों को आगाह करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारिायों और कर्मचारियों को सुबह 9 बजे कार्यालय में उपस्थित रहने का निर्देश दिया। इस मौके पर एडीएम कृष्णलाल तिवारी, प्रशासनिक अधिकारी भरथ लाल सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।