तहसील सभागार में सोमवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम और एसपी ने आए फरियादियों की शिकायतें सुनीं। उनकी मौजूदगी में राजस्व, पुलिस, विकास समेत अन्य विभागों से जुड़े कुल 61 दर्ज, जिसमें से राजस्व के छह मामले ही मौके पर निस्तारित किए जा सके।
समाधान दिवस में क्षेत्र के मेंहदीया निवासी दो लोगों ने शिकायत की कि विपक्षी उनकी बैनामे की जमीन फर्जी ढंग से अपना नाम दर्ज कर लिए हैं। इस पर डीएम ने कहा कि चिंता न करो ! आरोपी को जेल भेजेंगे। तमकुहीराज तहसील सभागार में सोमवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम महेंद्र सिंह तंवर और एसपी संतोष मिश्रा 11:57 बजे पहुंचे।
डीएम व एसपी जैसे ही तहसील सभागार में प्रवेश करने के लिए सीढ़ियों पर चढ़े भाकपा नेता परमहंस सिंह की अगुवाई में 20 से अधिक किसानों ने उन्हें रोक लिया। उन्होंने इलाके में सिंचाई के लिए नहरों में पानी नहीं आने की शिकायत की। सेवरही ब्लॉक के प्रधान बृजेश राय ने गांव की समस्याओं से अवगत कराया।
बसडीला गुनाकर के ग्राम प्रधान लालमन यादव ने गांव की पानी टंकी से दो गांव की जलापूर्ति बाधित होने की शिकायत की। तरयासुजान थाना क्षेत्र के मेंहदीया बुजुर्ग निवासी रानी देवी ने रोते हुए कहा कि जिस बैनामे की जमीन पर घर बना कर उनका परिवार रहता है उसे विपक्षी ने जब्ती के लिए आवेदन किया है।
इसके कारण परिवार के लोगों में असुरक्षा का भाव है। डीएम ने उन्हें शांत कराया और शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। तमकुहीराज थाना क्षेत्र के लतवाजीत निवासी पूनम देवी ने रोते-बिलखते कहा कि उनका देवर उनके हिस्से की जमीन कब्जा कर लिए हैं। अमवादीगर निवासी प्रियंका देवी ने कहा साहब ! मेरे ससुर की दो शादी हुई है।
फर्जी दस्तावेज के आधार पर दूसरे पक्ष ने पटवारे में अधिक हिस्सा ले लिए हैं। इसी तरह पटहेरवा थाना क्षेत्र के मेंहदीया निवासी शुभकर शुक्ला और व्यास सिंह आदि ने डीएम से शिकायत की उनकी बैनामे की जमीन पर फर्जी ढंग से नाम दर्ज करा करीब 30 विपक्षी उन्हें परेशान कर रहे हैं।
पीड़ित की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने आश्वासन देते हुए कहा कि चिंता न करो, परेशान करने वाले को जेल भेजेंगे। इसके बाद डीएम ने एसपी से बार्ता कर पटहेरवा थानाध्यक्ष विनय मिश्रा को बुलाकर आरोपी के बारे में जानकारी जुटाने के निर्देश दिए।
सेवरही थाना क्षेत्र के नगर पंचायत सेवरही के वार्ड नंबर दो पुरानी बाजार निवासी रुक्मणि देवी ने डीएम से कहा कि साहब! दो बेटे है, एक की शादी हो चुकी है, दूसरा कुंवारा है। मेहनत मजदूरी कर दोनों को पालापोशा, लेकिन दोनों ही बेटे देखभाल नहीं करते है। बुजुर्ग महिला से सहानुभूति जताते हुए इंस्पेक्टर सेवरही धीरेंद्र राय को तलब कर महिला की संभव मदद के निर्देश दिए।
इसी दौरान बार संघ तमकुहीराज के अध्यक्ष विनोद सिंह पटेल की अगुवाई में अधिवक्ताओं ने सीओ चकबंदी का तमकुहीराज में कार्यालय खोलने की मांग की। इस दौरान एसडीएम तमकुहीराज ऋषभ पुंडीर, सीओ राकेश प्रताप सिंह, नायब तहसीलदार कुंदन वर्मा, इंस्पेक्टर सुशील शुक्ला, अश्वनी राय, वेदप्रकाश उपाध्याय आदि मौजूद रहे।