कुशीनगर। जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने बृहस्पतिवार को निर्वाचन कार्यालय वेयरहाउस में रखे ईवीएम तथा वीवीपैट मशीनों का निरीक्षण किया। वेयरहाउस के चारों तरफ लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, कंट्रोल रूम, कक्षवार विद्युत आपूर्ति, खिड़कियों एवं रोशनदानों को सुरक्षित रखने के उपाय समेत अन्य बिंदुओं की जानकारी ली।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने निरीक्षण दौरान बॉक्स में रखे सभी कंट्रोल यूनिट, बैलेट यूनिट की संख्या के बारे में पूछताछ की। उन्होंने उपयोगी उपकरणों को सुरक्षित रखने के निर्देश संबंधित को दिए। निरीक्षण दौरान वेयरहाउस के बाहर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से वहां सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। डीएम ने सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ईवीएम और वीवीपैट वेयरहाउस की सुरक्षा के दृष्टिगत भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। संवाद