पडरौना। खड्डा के तहसील दिवस के एक महीने से पुराने लंबित मामलों का निस्तारण न होने पर डीएम ने सख्त रुख अख्तियार किया है। इस लापरवाही पर डीएम ने संबंधित 11 अधिकारियों का अक्टूबर माह का वेतन रोकने का आदेश दिया है।
डीएम शम्भु कुमार ने शनिवार को बताया कि नौ सितंबर के तहसील दिवस में दिए गए शिकायती पत्रों में अधिकतर का एक महीने से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी निस्तारण नहीं किया गया है। उन्होंने जिला विकास अधिकारी कुशीनगर, खड्डा जलनिगम के सहायक अभियंता, खड्डा बाढ़ खंड के सहायक अभियंता, बीडीओ खड्डा और नेबुआ नौरंगिया, खड्डा के सहायक अभियंता विद्युत, खड्डा और नेबुआ नौरंगिया के बीईओ, पूर्ति निरीक्षक खड्डा, खड्डा नगर पंचायत के ईओ, सिंचाई विभाग के खड्डा के एई, सीडीपीओ खड्डा और एडीओ समाज कल्याण खड्डा की जवाबदेही तय करते हुए उन्होंने लंबित मामलों को जल्द निस्तारित करने का आदेश दिया है। डीएम ने इन सभी अधिकारियों का अक्टूबर 2016 का वेतन भुगतान रोकने का आदेश दिया है।