सम्मानित किए गए यूपी बोर्ड के जिला टॉपर
पडरौना। अमर उजाला की तरफ से मंगलवार को जिला मुख्यालय के शाकुंतल इंटर कॉलेज में सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, मेडल और ईयर बुक देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने मेधावियों को सफलता का मंत्र दिया।
मुख्य अतिथि डीएम भूपेंद्र एस चौधरी ने कहा कि सफलता के लिए पूरे मनोयोग से अनवरत प्रयास जरूरी है। आज जो लोग यहां सम्मानित हो रहे हैं, वे आगे भी इसे बरकरार रखने के लिए निरंतर प्रयास करें। डीएम ने कहा कि मनचाहा मुकाम हासिल करने के लिए लक्ष्य निर्धारित कर संकल्प के साथ आगे बढ़ना होगा। उन्होंने मेधावी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
एसपी विनोद कुमार मिश्र ने कहा कि जीवन में सफलता के लिए धैर्य और साहस के साथ परिश्रम जरूरी है। कई बार अच्छा प्रयास करने के बाद भी सफलता चंद कदम दूर रह जाती है। इससे हतोत्साहित होने के बजाय कमियों को दूरकर नए सिरे से तैयारी करनी चाहिए। हमें जीवन में असफलता से सीख लेकर लक्ष्य प्राप्ति के लिए पूरी निष्ठा से प्रयास करना चाहिए। अनवरत प्रयास करने वालों की ही ईश्वर भी मदद करते हैं।
सीडीओ अन्नपूर्ण गर्ग ने बड़ा सपना देखने और उनको पूरा करने के लिए पूरे मनोयोग से प्रयास पर जोर दिया। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों को बच्चों की क्षमता को सही मुकाम दिलाने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की।
डीएम, एसपी और सीडीओ ने हाईस्कूल की परीक्षा में जिले में अव्वल रहे अभिषेक गुप्ता, द्वितीय स्थान पर रहे अभिषेक कुमार प्रसाद व तृतीय स्थान प्राप्त दिव्यांका यादव और इंटर की परीक्षा में अव्वल रहे अंकुश यादव, द्वितीय स्थान पर रहे रजनीश कुशवाहा और संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे नवनीत पांडेय व शिप्रा चौबे को प्रशस्ति पत्र, मेडल व अमर उजाला का ईयर बुक देकर सम्मानित किया। संचालन अनूप मिश्र ने किया।
इस दौरान डीआईओएस उदय प्रकाश मिश्र, प्रधानाचार्य परिषद के महामंत्री व नवजीवन इंटर कालेज पटहेरवा के प्रधानाचार्य वीरेंद्र कुमार सिंह, शाकुंतल इंटर कालेज के प्रबंधक अभिषेक तिवारी, प्रधानाचार्य अजय कुमार मिश्र, चंदन सिंह, कमलेश तिवारी, राजेश तिवारी, स्नेहा तिवारी, केडी कुशवाहा, चंदन कुमार गौंड़, प्रेम पांडेय, सुनील यादव, शत्रुघ्न जायसवाल, ज्ञानचंद्र कुशवाहा, आशीष चौबे आदि मौजूद रहे।