रसोई गैस गोदाम के इंचार्ज से 23 हजार की लूट, बाहर से बंद कर दिया गोदाम
कप्तानगंज। मंगलवार को कप्तानगंज कस्बे से दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित रसोई गैस गोदाम पर पहुंचे बाइक सवार तीन बदमाशों ने गोदाम इंचार्ज को तमंचा दिखाकर 23 हजार रुपये लूट लिया। भागते समय बदमाशों ने गोदाम का मुख्य फाटक भी बाहर से बंद कर दिया। सूचना मिलने के बाद से पुलिस जांच-पड़ताल में जुट गई है।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भिउरा हसनगंज के निकट घुघली मार्ग पर श्री वात्सल्य रसोई गैस एजेंसी का गोदाम है। गोदाम इंचार्ज केदार यादव दोपहर करीब ढाई बजे यहां बैठकर कैश गिन रहे थे। गोदाम इंचार्ज के अनुसार, अचानक बाइक सवार तीन लोग पहुंचे और उन्हें तमंचा दिखाकर रुपये छीनकर फरार हो गए। भागते समय बदमाशों ने गोदाम का मुख्य गेट भी बाहर से बंद कर दिया। गोदाम इंचार्ज ने शोर मचाया तो कुछ देर बाद पहुंचे लोगों ने गोदाम का फाटक खोलकर केदार को बाहर निकाला।
गैस एजेंसी के प्रोपराइटर विनोद पांडेय ने बताया कि केदार यादव मौके पर अकेले थे। लुटेरों ने पहले उनसे गैस से संबंधित जानकारी ली। मुंह ढका होने के कारण उनकी पहचान नहीं हो पाई। गोदाम में सीसीटीवी कैमरा भी नहीं है। घटना की तहरीर पुलिस को दी गई है।
एसओ संजय कुमार मिश्र ने बताया कि घटना की जानकारी है। अभी तहरीर नहीं मिली है। जांच-पड़ताल की जा रही है।