तुर्कपट्टी। रिश्तेदारों के बीच मकान पर कब्जा करने को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। पीड़ित ने मुख्यमंत्री के जनता दरबार में आपबीती सुनाई थी लेकिन, अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के गांव सोहंग निवासी इम्तियाज ने तहरीर दी है कि 2 साल पहले वह अपने गांव की पुश्तैनी जमीन पर बने मकान को गांव में रह रही अपनी साली सिमरन उसके पति नईम उर्फ छोटू को परिवार व दो छोटे बच्चों के साथ रहने के लिए लिखित रूप में दे दिया और खुद बाहर कमाने चला गया। लौटने पर मकान खाली करने की बात कपी तो साली सिमरन व नईम फर्जी दस्तावेज के सहारे उस मकान पर अपना मालिकाना हक जताने लगे। मामला पुलिस के पास पहुंचा तो वह नईम व सिमरन पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दिया।इस बीच लोगों ने मामले का सुलह करा दिया लेकिन सिमरन पलट गई और घर पर ताला लगा दिया। ताला खोलने को लेकर भी दोनों पक्ष में हाथापाई भी हुई।आक्रोशित गांव वालों ने सोमवार को पुलिस पर कब्जा नहीं दिलाने का आरोप लगाकर गांव में हंगामा खड़ा कर दिया। तहसीलदार धर्मबीर सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच रिपोर्ट उच्च अधिकारियों का सौंप दी जाएगी।